देहरादून, संवाददाता : समर वैली स्कूल में 11वीं की छात्रा के कथित शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के मामले में आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी न होने पर संयुक्त नागरिक संगठन ने नाराजगी जताई है। बुधवार को संगठन के पदाधिकारियों ने सचिव गृह शैलेश बगौली से मुलाकात कर मामले की जांच जल्द पूरी कराने और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की।
संगठन की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि डालनवाला स्थित समर वैली स्कूल में शिक्षिका नहीं, बल्कि वहां के एक शिक्षक पर बीना शर्मा की 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी के साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप है। इस संबंध में 24 अक्टूबर 2026 को डालनवाला थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मामला समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों के माध्यम से भी सामने आया, लेकिन दस दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को स्कूल से हटा दिया है, लेकिन पुलिस कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने से पीड़ित परिवार निराश है। ज्ञापन में मामले की जांच पॉक्सो एक्ट के तहत किसी तेजतर्रार और उच्च पदस्थ अधिकारी को सौंपने की मांग की गई है। संगठन ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आहत छात्रा की मां स्कूल गेट पर धरना देने को मजबूर हैं, जो बेहद अफसोसजनक है। मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में संगठन के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र भट्ट, सचिव अवधेश शर्मा और महासचिव सुशील त्यागी शामिल रहे।
समर वैली स्कूल प्रकरण में आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग संयुक्त नागरिक संगठन ने सचिव गृह से मिलकर उठाया मामला

Leave a Comment Leave a Comment


