पिथौरागढ़ : उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक द्वारा भारत के सीमांत गांव तीजम, धारचूला (जनपद पिथौरागढ़) में शाखा धारचूला के अंतर्गत प्रथम मॉडल सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में बैंक के अध्यक्ष हरि हर पटनायक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुकरेती, क्षेत्रीय कार्यालय से अधिकारी अंकित जायसवाल एवं किरण मेहता कार्की, धारचूला शाखा प्रबंधक प्रवीण सिंह जीना, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस पहल के साथ उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक दारमा घाटी में बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने वाला प्रथम बैंक बन गया है। यह उपलब्धि क्षेत्र के दूरस्थ एवं सीमांत गाँवों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय ग्रामीणों को सुलभ बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। समारोह को संबोधित करते हुए बैंक के अध्यक्ष हरि हर पटनायक ने ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी तथा उन्हें इनके प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक दूरस्थ क्षेत्रों में भी अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए आम जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में इस दूरस्थ क्षेत्र में मॉडल सीएसपी केंद्र की शुरुआत की गई है, जिससे ग्रामवासी अपने गाँव में ही बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
बैंक द्वारा इस वर्ष जनपद पिथौरागढ़ में कुल 34 नए सीएसपी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें से 12 (लगभग 35 प्रतिशत) महिलाएं हैं। यह पहल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। अध्यक्ष महोदय ने ग्रामवासियों को आश्वस्त किया कि बैंक की विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं के लिए उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा। किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर ग्रामवासी सीधे बैंक प्रबंधन से संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुकरेती ने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया तथा आश्वस्त किया कि उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक ग्रामवासियों को बेहतर बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए सदैव समर्पित रहेगा।
उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक ने सीमांत गांव तीजम में मॉडल सीएसपी केंद्र का किया भव्य उद्घाटन

Leave a Comment Leave a Comment


