भाजपा-कांग्रेस के मेयर प्रत्याशियों ने किया नामांकन

JJTK Desk
3 Min Read

देहरादून। निकाय चुनाव 2025 के लिए भाजपा-कांग्रेस ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के सभी प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। चुनाव नामांकन के आखिरी दिन कई प्रत्याशियों ने नामांकन किया। वहीं देहरादून नगर निगम सीट पर भाजपा ने मेयर प्रत्याशी के तौर पर सौरभ थपलियाल और कांग्रेस ने मेयर प्रत्याशी के तौर पर वीरेंद्र पोखरियाल को टिकट दिया है।
देहरादून नगर निगम के मेयर पद पर भाजपा प्रत्याशी सौरभ थपलियाल ने नामांकन के आखिरी दिन भाजपा महानगर कार्यालय से रैली निकालते हुए नगर निगम में पहुंचकर अपना नामांकन करवाया। भारतीय जनता पार्टी ने इस बार युवा चेहरे पर विश्वास जताते हुए छात्र राजनीति से निकले सौरभ थपलियाल पर विश्वास जताया है। इससे पहले महानगर कार्यालय में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पहुंचकर मेयर प्रत्याशी को शुभकामनाएं दी।
भाजपा में छात्र राजनीति से आए सौरभ थपलियाल पिछले लंबे समय से सक्रिय हैं और पार्टी में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। डीएवी महाविद्यालय में अध्यक्ष रह चुके सौरभ थपलियाल की युवाओं में जबरदस्त पैठ है। सौरभ थपलियाल इससे पहले डोईवाला सीट पर विधायक प्रत्याशी के रूप में टिकट मांग चुके हैं। हालांकि तब उन्हें पार्टी ने टिकट नहीं दिया था। लेकिन सौम्य स्वभाव के सौरभ थपलियाल को इस बार भारतीय जनता पार्टी ने देहरादून मेयर पद का टिकट देते हुए उन पर विश्वास जताया है।
वहीं, कांग्रेस से मेयर प्रत्याशी वीरेंद्र पोखरियाल ने भी दोपहर बाद दून नगर निगम में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत पार्टी के कार्यकर्ता नामांकन में शक्ति प्रदर्शन के दौरान मौजूद रहे। वीरेंद्र पोखरियाल ने देहरादून शहर की बिगड़ती स्थिति और स्मार्ट सिटी के नाम पर पैसों की बंदरबांट का मामला जनता के सामने उठाने की बात कही।
बता दें कि कांग्रेस की तरफ से वीरेंद्र पोखरियाल पर पार्टी ने विश्वास जताया है। वीरेंद्र पोखरियाल भी भाजपा के प्रत्याशी सौरव थपलियाल की तरह ही छात्र राजनीति से निकले हैं। डीएवी महाविद्यालय में लगातार 3 साल तक वीरेंद्र पोखरियाल अध्यक्ष के पद पर रहे। इसके अलावा राज्य निर्माण आंदोलनकारी के रूप में भी उन्होंने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई थी।

Share This Article
Leave a Comment